बुलंदशहर : छतारी के सिद्धपुर के पास हुए हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 15 लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। छतारी में अलीगढ़-अनूपशहर रोड पर गांव पापड़ी नगला (सिद्धपुर) के पास रविवार देर रात एक प्राइवेट बस ने सीमेंट से भरे ट्रक को टक्कर मार दी।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया
रविवार रात करीब 11 बजे अलीगढ़ की तरफ से आ रही एक प्राइवेट बस गांव पापड़ी नगला (सिद्धपुर) के पास अचानक बेकाबू होकर आगे चल रहे सीमेंट ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में ट्रक ड्राइवर 40 साल के राजेंद्र सिंह उर्फ राजू पुत्र इंद्रपाल, निवासी गांव नोहटी, थाना मडराक, जिला अलीगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राइवेट बस बेकाबू होकर ट्रक से टकराई, ड्राइवर की मौत
बस में राजेंद्र पुत्र रामदास निवासी कालेधाम जट्टारी मथुरा, अशर्फी देवी पत्नी रमेश निवासी अलीगढ़, मूलचंद पुत्र ओपेंद्र निवासी बिहार, संध्या पुत्री मूलचंद, ललित पत्नी मूलचंद, विमला देवी निवासी गभाना अलीगढ़, मीरा पत्नी सतेंद्र निवासी फरीदाबाद, वीरपाल पुत्र सत्यवीर निवासी कुशलाबाद, दानवंती पत्नी रामअवतार निवासी अलीगढ़, फूलवती निवासी अलीगढ़, अंगूरी पत्नी रामेंद्र निवासी जट्टारी मथुरा, गुड़िया पत्नी ओमस्वरूप निवासी मदासा सादाबाद हाथरस, शिवम पुत्र देवेंद्र, सत्तार पुत्र यामीन निवासी पिलखना डिबाई और सत्यनारायण पुत्र खचेड़ूमल निवासी कुटवारा, मांट मथुरा घायल हो गए।
बस में करीब 38 यात्री सवार थे
हादसे की जानकारी मिलने पर आस-पास के गांव वाले मौके पर पहुंचे और राहत काम में जुट गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायलों को बस से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना इंचार्ज नरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के समय बस में करीब 38 यात्री सवार थे। हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 12 घायलों को एंबुलेंस से CHC दानपुर और डिबाई भेजा गया, जबकि तीन घायलों को NHAI की एंबुलेंस से जिला अस्पताल अलीगढ़ में भर्ती कराया गया। CHC दानपुर पहुंचने पर डॉक्टरों ने ट्रक ड्राइवर राजेंद्र सिंह उर्फ राजू को मृत घोषित कर दिया।












