बिहार के नालंदा जिले के अयापुर गांव से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां कुछ अज्ञात लोगों ने एक महिला के साथ खुलेआम बदसलूकी की। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों को शक था कि महिला का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है।
पीड़ित महिला ने मीडिया से बातचीत में बताया कि 26 मार्च को वह अपना फोन रिचार्ज करवाने के लिए पास की दुकान पर गई थी। तभी गांव के कुछ लोग उसे घेरकर मारपीट करने लगे और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। आरोपियों ने महिला की मांग में जबरदस्ती सिंदूर भरने की कोशिश की। महिला ने किसी तरह खिड़की तोड़कर वहां से भागने में सफलता पाई।
वायरल वीडियो में महिला को घसीटते हुए और कपड़े फाड़ने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। फिलहाल पीड़ित महिला अपनी सास और तीन बच्चों के साथ गांव में रहती है, जबकि उसका पति मजदूरी के लिए पुणे में काम कर रहे हैं।
पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है और अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना की कड़ी निंदा की और इसे सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश करार देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।












