प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 21 नवंबर के बिहार दौरे को लेकर राज्य में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एनडीए के सभी प्रमुख घटक दलों ने प्रखंड से लेकर प्रदेश स्तर तक अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें एनडीए के सभी दलों के प्रदेश अध्यक्ष और प्रतिनिधि शामिल हुए।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब बिहार में एनडीए सरकार का एक वर्ष पूरा हो रहा है। अपने इस दौरे के दौरान पीएम मोदी वैशाली के जाफरपट्टी में 1243 एकड़ में बनने वाले विशाल औद्योगिक पार्क की आधारशिला रखेंगे और बहुप्रतीक्षित कच्ची दरगाह-बिदपुर छह लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा ऐतिहासिक साबित होगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि जाफरपट्टी औद्योगिक पार्क से राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार के साथ विकास और विश्वास का गहरा रिश्ता है। वहीं, लोजपा (रा) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक, ‘हम’ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार और रालोमो के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्र चंद्रवंशी ने भी अपने संबोधन में एनडीए की एकजुटता पर जोर दिया। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस दौरे से बिहार के औद्योगिक विकास को एक नई गति मिलेगी और यह राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा।













