बिजनौर में मामूली विवाद के बाद ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के दौरान एक पक्ष के वीरेंद्र पर ट्रैक्टर से तीन लोगों को रौंदने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात थाना चांदपुर क्षेत्र के जमालुद्दीन गांव में शराब की दुकान के पास हुई। यहां दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद दूसरे पक्ष के वीरेंद्र ने कथित तौर पर ट्रैक्टर से तीन लोगों को कुचल दिया। एक मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि वीरेंद्र ने ट्रैक्टर से उसके पिता समेत तीन लोगों को कुचला। परिजनों का कहना है कि आरोपी ने लगातार दो बार ट्रैक्टर से लोगों को रौंदा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाके में हड़कंप फैल गया।
वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी वीरेंद्र की तलाश की जा रही है। मामूली विवाद के बाद हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस घटनाक्रम और विवाद की वजह की पड़ताल कर रही है।













