Azamgarh: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बड़ा हलचल मचा देने वाला मामला सामने आया है। आज़मगढ़ के चर्चित और विवादों में घिरे सपा विधायक रमाकांत यादव पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 करोड़ 42 लाख 81 हज़ार रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। यह कार्रवाई कानून के तहत इसलिए और भी अहम मानी जा रही है क्योंकि रमाकांत यादव पहले से ही ज़हरीली शराब कांड में फतेहगढ़ जेल में बंद हैं।
राजनीति से लेकर अपराध तक के सफर में कई बार चर्चा में रहे रमाकांत यादव पर यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
पूरा मामला क्या है?
सपा विधायक रमाकांत यादव, जो बाहुबली नेता के रूप में जाने जाते हैं, पिछले तीन साल से फतेहगढ़ जेल में बंद हैं। उन पर वर्ष 2022 में ज़हरीली शराब कांड में संलिप्तता का आरोप है, जिसमें 7 लोगों की मौत हुई थी। मामले की जांच के दौरान प्रशासन को पता चला कि विधायक ने अवैध तरीकों से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है।
DM के आदेश पर सख्त एक्शन
आज़मगढ़ के जिलाधिकारी रवींद्र कुमार–2 ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने विधायक की संपत्ति को ज़ब्त करने की प्रक्रिया पूरी की। खासतौर पर फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बसही अशरफपुर गांव में खरीदी गई ज़मीन को कुर्क किया गया है। संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग ₹23.42 करोड़ है।