Home remedies for kids: बदलते मौसम के कारण बच्चों को सर्दी-खांसी की समस्या जल्दी हो जाती है। दिल्ली समेत देश के अधिकांश हिस्सों में अब भी बारिश और गर्मी का मौसम चल रहा है, जिससे बच्चों को जुकाम होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में उनके इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए कुछ घरेलू उपायों को अपनाना जरूरी है।
मौसम में बदलाव और खांसी-जुकाम का कारण
बदलते मौसम में तापमान के उतार-चढ़ाव से शरीर का तापमान प्रभावित होता है, जिससे बच्चों के कमजोर इम्यून सिस्टम पर असर पड़ता है। इससे खांसी और जुकाम जैसी समस्याएं जल्दी उत्पन्न होती हैं। कोविड के बाद से बच्चों की इम्यूनिटी कमजोर हो गई है, जिससे उनका शरीर मौसम के बदलाव को सहन नहीं कर पाता और खांसी-जुकाम से ग्रस्त हो जाता है।
बच्चों को खांसी-जुकाम से बचाने के घरेलू उपाय
- देसी चीजों की भाप
बच्चों को खांसी और जुकाम से बचाने के लिए देसी चीजों की भाप लेना फायदेमंद हो सकता है। एक बर्तन में पानी गर्म करें और इसमें तुलसी, दालचीनी, लौंग जैसी चीजें डालें। इनकी भाप से चेस्ट साफ होती है और जुकाम में राहत मिलती है। - आयुर्वेदिक पौटली
छोटे बच्चों के लिए आयुर्वेदिक पौटली का इस्तेमाल करें। इसके लिए दालचीनी, लौंग, अजवाइन और जायफल को तवे पर भूनें और उसमें कपूर के टुकड़े डालकर सूती कपड़े में बांध लें। इस पौटली को सोते वक्त बच्चे के पास रखें। इससे उन्हें राहत मिलती है और उनकी इम्यूनिटी भी मजबूत होती है। - पान और अजवाइन का नुस्खा
पान और अजवाइन का पानी बच्चों के लिए बहुत लाभकारी है। इसके लिए दो से तीन पान लें, उसमें एक चम्मच अजवाइन डालें और उबालने के बाद ठंडा होने पर बच्चों को कम मात्रा में पिलाएं। इससे बच्चे की छाती साफ होती है और पाचन में भी सुधार आता है। - अदरक, काली मिर्च और शहद
अदरक, काली मिर्च और शहद का मिश्रण बच्चों के लिए बहुत फायदेमंद है। अदरक के टुकड़े कद्दूकस करके उसमें थोड़ी काली मिर्च और एक चम्मच शहद मिलाएं। यह मिश्रण बच्चों की इम्यूनिटी को बूस्ट करता है और खांसी-जुकाम से राहत दिलाता है।
इन घरेलू उपायों को अपनाकर आप अपने बच्चों को बदलते मौसम में खांसी-जुकाम से बचा सकते हैं।














