हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टियां मजबूती से अपनी तैयारी में जुटी हुई हैं। समाजवादी पार्टी को हरियाणा चुनाव में हिस्सा लेने को लेकर कयासों का दौर लगातार जारी है। इसी बीच अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर चुनाव से जुड़ा एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट से संकेत मिल रहा है कि समाजवादी पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव नही लड़ेगी।

सपा प्रमुख ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि,

हरियाणा चुनाव में ‘INDIA ALLIANCE’ की एकजुटता नया इतिहास लिखने में सक्षम है। हमने कई बार कहा है और एक बार फिर दोहरा रहे हैं व आगे भी दोहरायेंगे कि ‘बात सीट की नहीं जीत की है’। हरियाणा के विकास व सौहार्द की विरोधी ‘भाजपा की नकारात्मक, साम्प्रदायिक, विभाजनकारी राजनीति’ को हराने में ‘इंडिया एलायंस’ की जो भी पार्टी सक्षम होगी, हम उसके साथ अपने संगठन और समर्थकों की शक्ति को जोड़ देंगे।

बात दो-चार सीटों पर प्रत्याशी उतारने की नहीं है, बात तो जनता के दुख-दर्द को समझते हुए उनको भाजपा की जोड़-तोड़ की भ्रष्टाचारी सियासत से मुक्ति दिलाने की है, साथ ही हरियाणा के सच्चे विकास और जनता के कल्याण की है। पिछले 10 सालों में भाजपा ने हरियाणा के विकास को बीसों साल पीछे ढकेल दिया है।

हम मानते हैं कि हमारे या इंडिया एलायंस के किसी भी दल के लिए, ये समय अपनी राजनीतिक संभावना तलाशने का नहीं है बल्कि त्याग और बलिदान का है। जनहित के परमार्थ मार्ग पर स्वार्थ के लिए कोई जगह नहीं होती। कुटिल और स्वार्थी लोग कभी भी इतिहास में अपना नाम दर्ज नहीं करा सकते हैं। ऐसे लोगों की राजनीति को हराने के लिए ये क्षण, अपने से ऊपर उठने का ऐतिहासिक अवसर है। हम हरियाणा के हित के लिए बड़े दिल से, हर त्याग-परित्याग के लिए तैयार हैं।

इंडिया एलायंस की पुकार, जनहित में हो बदलाव!

बतादें कि हरियाणा के राजनीतिक पटल पर चल रही घटनाएं भारतीय जनता पार्टी के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती हैं। गौरतलब है कि रेसलिंग चैम्पियन बबिता फोगाट और बजरंग पुनिया ने शुक्रवार को कांग्रेस का हाथ थामा है। वही अखिलेश यादव का खुले तौर पर बिना किसी शर्त के कांग्रेस को समर्थन करना भाजपा को हरियाणा विधानसभा में पटखनी दे सकता है।

बढ़ती महंगाई पर भगवंत मान ने बोला तीखा हमला, कहावत सुना बीजेपी पर कसा तंज, सुनिए

शेयर करना
Exit mobile version