वाराणसी। भारत में बांग्लादेश के रास्ते अफ्रीकी देश के सोने की तस्करी का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर मुखबिर की सूचना पर डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने घेराबंदी कर दो तस्करों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ और तलाशी के दौरान 2 किलोग्राम से अधिक सोने की बिस्किट बरामद हुआ। सोने के बिस्किट की कीमत करीब 3 करोड़ 54 लाख रुपए आकी गई है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों तस्कर महाराष्ट्र के रहने वाले है, जो बंगाल के रास्ते सोने की बिस्किट को ट्रेन में ही दिल्ली जाते समय डिलीवरी करने वाले थे। तस्करों के पास से बरामद होने की सूचना पर मौके पर पहुंची कस्टम और आयकर विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है।

अंतरराष्ट्रीय गैंग होने की जताई गई आशंका, फिल्मी स्टाइल में होती थी तस्करी…
वाराणसी में पकड़े गए अफ्रीकी सोने के साथ दो तस्करों की गिरफ्तारी को लेकर कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंचे प्रयागराज जोन के आईजी रेलवे एन.कोलांची ने बताया कि पकड़े गए तस्कर महाराष्ट्र के रहने वाले है। जिनमें से एक खुद को छात्र और एक पेंटर है। यह दोनों तस्कर तीन महीने के अंदर करीब 35 से 40 बार तस्करी का काम कर चुके है। मुखबिर की सूचना पर कैंट रेलवे स्टेशन पर इन्हें ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में जानकारी मिली कि तस्कर गिरोह द्वारा बंगाल में इन्हें अफ्रीकी सोने को दिया जाता था और इन्हें एक मोबाइल फोन दिया जाता। बंगाल से दिल्ली के बीच ट्रेन में ही किसी अंजान व्यक्ति को इन्हें सोने को डिलीवर करना होता है। इसके एवज में उन्हें डिलीवरी के बाद पैसे मिलते थे। प्रयागराज जोन के आईजी रेलवे ने आशंका व्यक्त करते हुए बताया कि तस्करों के पास से बरामद हुआ सोना अफ्रीका का है, अफ्रीका का यह सोना बांग्लादेश के रास्ते बंगाल पहुंचता और बंगाल से भारत के अन्य राज्यों में इसे ले जाया जाता। ऐसे में इस तस्करी में अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह हो सकता है। इस गिरोह को पकड़ने के लिए दिल्ली से लेकर तमाम राज्यों के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है और उन्हें पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है।


