ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर भारत लौटे टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव का मुंबई में शानदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों ने अपने चैंपियन कप्तान का अभिनंदन किया। भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाने के बाद जब उनसे पूछा गया कि चैंपियन कप्तान बनने का अनुभव कैसा है तो उन्होंने बेहद सादगी से जवाब दिया, “बहुत अच्छा।”
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। यह भारत का तीसरा T20 वर्ल्ड कप खिताब है और खास बात यह है कि भारत अपनी ही धरती पर T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है। साल 2021 में 30 वर्ष की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सूर्यकुमार यादव ने अपने करियर के पांचवें साल में टीम इंडिया को यह बड़ी उपलब्धि दिलाई।
बता दें, टूर्नामेंट में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन भी शानदार रहा। उन्होंने नौ पारियों में 30.25 की औसत और 136 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 242 रन बनाए और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में दसवें स्थान पर रहे। इस दौरान अमेरिका के खिलाफ खेली गई उनकी नाबाद 84 रन की पारी खास रही, जिसमें उन्होंने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया।
वहीं, अगर फाइनल मुकाबले की बात करें तो न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया। अभिषेक शर्मा ने महज 21 गेंदों में 52 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल थे। उन्होंने सैमसन के साथ मिलकर 98 रन की अहम साझेदारी की।
इसके बाद सैमसन और ईशान किशन ने भी शानदार बल्लेबाजी की। ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया और टीम ने 16वें ओवर में ही 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया।
अंत में शिवम दुबे ने आठ गेंदों में नाबाद 26 रन की तेज पारी खेली, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 255/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो T20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बन गया। न्यूजीलैंड की ओर से जेम्स नीशम ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।
256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार विकेट लिए। अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिए जबकि जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके।
बता दें, न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन की तेज पारी जरूर खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। डेरिल मिशेल और कप्तान मिशेल सेंटनर ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने कीवी टीम ज्यादा देर टिक नहीं पाई। पूरी न्यूजीलैंड टीम 159 रन पर सिमट गई और भारत ने यह मुकाबला बड़े अंतर से जीतकर T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।



