उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक निजी अस्पताल में महज 50 रुपये के लेनदेन को लेकर जमकर लाठी-डंडे चल गए। अस्पताल परिसर के भीतर हुई इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दोनों पक्षों के कुल 9 लोगों को हिरासत में ले लिया है। यह पूरा मामला बहराइच कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, विकास नाम का एक व्यक्ति अपने बीमार बच्चे का इलाज कराने के लिए अस्पताल आया था। इलाज की प्रक्रिया के दौरान जब कंपाउंडर बच्चे को विगो लगा रहा था, तब फीस या चार्ज के पैसों को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चे के पिता विकास के पास उस वक्त तय रकम से 50 रुपये कम पड़ गए थे। इसी बात पर कंपाउंडर और तीमारदार के बीच तनातनी बढ़ गई और आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने पिता के साथ मारपीट कर दी।
गांव से बुलाए साथी, अस्पताल स्टाफ को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
अस्पताल कर्मियों द्वारा की गई इस बदसलूकी से गुस्साए युवक विकास ने तुरंत अपने गांव फोन किया और वहां से अपने दोस्तों व साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे गांव के युवकों ने अस्पताल पर धावा बोल दिया। इसके बाद तीमारदार के साथियों ने निजी अस्पताल के स्टाफ को जमकर पीटा। अस्पताल के भीतर और बाहर लाठियां चटकाए जाने से वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और मरीज अपनी जान बचाकर भागने लगे।
पुलिस ने 9 लोगों को लिया हिरासत में
अस्पताल में बवाल और मारपीट की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से ही उपद्रव करने और कानून-व्यवस्था हाथ में लेने के आरोप में दोनों पक्षों के 9 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोनों पक्षों की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है। फिलहाल अस्पताल और आस-पास के इलाके में शांति व्यवस्था कायम है।












