उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में फर्जी अफसर बनकर रौब झाड़ने वाले एक शातिर जालसाज का पर्दाफाश हुआ है। कोतवाली और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ेबन पुल के नीचे नियमित चेकिंग के दौरान लाल-नीली बत्ती और ‘यूपी सरकार’ के स्टीकर लगी इनोवा कार को रोककर जब पूछताछ की, तो कार सवार व्यक्ति ने खुद को उत्तर प्रदेश सरकार में ओएसडी मोहसिन खान बताया। कड़ाई से पूछताछ और शक होने पर जब दस्तावेजों की जांच की गई, तो उसकी असलियत सामने आ गई।

बता दें, पुलिस ने आरोपी मोहसिन खान को गिरफ्तार कर उसके पास से 5 फर्जी OSD विजिटिंग कार्ड, एक मोबाइल फोन और 2 वॉकी-टॉकी सेट बरामद किए हैं। आरोपी लंबे समय से लाल-नीली बत्ती लगी गाड़ियों और फर्जी आईकार्ड का इस्तेमाल करके टोल प्लाजा और पुलिस पिकेट्स पर अपना रौब झाड़ता आ रहा था। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह प्रशासनिक साख का गलत इस्तेमाल कर सुविधाएं हासिल करने और लोगों पर दबाव बनाने के लिए ओएसडी का ढोंग रच रहा था।

फिलहाल बस्ती पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी और सरकारी प्रतीकों के दुरुपयोग की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जी ओएसडी ने अब तक किन-किन लोगों को अपना शिकार बनाया है और इसके तार किसी बड़े गिरोह से तो नहीं जुड़े हैं।

नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद यूपी-बिहार में अलर्ट, सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई सतर्कता

शेयर करना
Exit mobile version