टुल्सीपुर-जरवा, बलरामपुर: नेपाल के मशहूर स्वर्गद्वारी बाबा प्रभुनाथ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो गुरुवार को नेपाल के कोयलाबास इलाके के पास बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में छोटे बच्चों समेत 11 लोग घायल हो गए। इनमें सात श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि बाकी का इलाज कम्युनिटी हेल्थ सेंटर तुलसीपुर में किया गया।
दर्शन करके लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हरैया थाना इलाके के महबूबनगर भैयापुरवा गांव के श्रद्धालु बुधवार को बोलेरो से नेपाल में स्थित बाबा प्रभुनाथ धाम जा रहे थे। गुरुवार को दर्शन करके लौटते समय भारतीय सीमा से करीब एक किलोमीटर पहले पहाड़ी रास्ते पर गाड़ी का अचानक बैलेंस बिगड़ गया और बोलेरो पहाड़ी से नीचे खाई में गिरकर दूसरी ढलान पर जाकर रुक गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
बता दे कि हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और नेपाली प्रशासन का अमला मौके पर पहुंच गया। गांववालों की मदद से सभी घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। इसके बाद नेपाली प्रशासन ने एंबुलेंस का इंतज़ाम कर सभी को कम्युनिटी हेल्थ सेंटर तुलसीपुर भेजा।
सीएचसी तुलसीपुर के इंचार्ज मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि घायल राधेश्याम (30), रविंद्र कुमार (45), ऊषा देवी (35), लीलावती (55), रेनू देवी (25), सुनीता (40) और हुलसा देवी (55) की हालत गंभीर होने पर उन्हें फर्स्ट एड के बाद डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है। अक्षय (7), शुभम (5), सहजराम (38) और दूसरे घायलों का इलाज सीएचसी में किया गया।
अस्पताल में इलाज जारी
घायल राधेश्याम ने बताया कि गांव के लोग एक साथ नेपाल धार्मिक यात्रा पर गए थे और दर्शन करके लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। हादसे की जानकारी मिलने पर घायलों के परिवार वाले और गांव के लोग हॉस्पिटल पहुंच गए। हादसे की खबर से भैयापुरवा गांव में बेचैनी और मायूसी का माहौल है। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।













