बर्मिंघम। एजबेस्टन स्टेडियम में खेले जा रहे पहले वनडे मैच में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टीम इंडिया पहले गेंदबाजी करेगी। भारतीय टीम में युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को डेब्यू का मौका मिला है, जिनकी लंबाई साढ़े छह फीट है और इंग्लैंड की परिस्थितियों में उन्हें अच्छी मदद मिलने की उम्मीद है। शिवम दुबे को भी प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई है, जबकि कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह को अंतिम ग्यारह से बाहर रखा गया है।
एजबेस्टन में इंग्लैंड का दबदबा
एजबेस्टन स्टेडियम में इंग्लैंड का रिकॉर्ड बेहद खतरनाक रहा है। इंग्लिश टीम ने यहां अपने पिछले सातों मुकाबले जीते हैं। इस मैदान पर इंग्लैंड को आखिरी बार हार का सामना 2014 में टीम इंडिया के हाथों करना पड़ा था, जब भारत ने इंग्लैंड को 9 विकेट से शिकस्त दी थी। इसके बाद से इंग्लिश टीम इस मैदान पर कभी नहीं हारी है। इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर का यह 200वां वनडे मैच है और वह इंग्लैंड के लिए 200 वनडे खेलने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
टीम इंडिया के पास गेंदबाजी के कुल छह विकल्प मौजूद हैं। गुरनूर बराड़, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा के रूप में तीन मुख्य तेज गेंदबाज हैं, जबकि शिवम दुबे मध्यम गति के तेज गेंदबाजी विकल्प के रूप में मौजूद हैं। इसके अलावा वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल स्पिन की जिम्मेदारी संभालेंगे। इंग्लैंड की टीम भी तीन तेज गेंदबाज और दो स्पिनर के साथ मैदान पर उतरी है, जिसमें विल जैक्स छठे गेंदबाजी विकल्प के रूप में शामिल हैं।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम कर्रन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल राशिद
भारत की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बराड़, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा














