बरेली के बहेड़ी में सावन के दौरान मांस बिक्री पर रोक के बावजूद चिकन पकौड़ी बेचने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। नैनीताल रोड स्थित बेकरी वाली गली में रजा चिकन शॉप पर मुर्गे की पकौड़ी बेचते हुए इरफान और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई हिंदू संगठनों की शिकायत के बाद शनिवार रात की। इससे पहले पाबंदी के बावजूद कांवड़ मार्ग पर चिकन बिरयानी बेचने के मामले में एक दुकान पर बुलडोजर कार्रवाई की गई थी। इस दौरान दुकान के टिनशेड और काउंटर को ध्वस्त किया गया था।
हिंदू संगठनों ने की थी शिकायत
पुलिस के मुताबिक, सावन में मांस की बिक्री पर रोक के बावजूद बिक्री की सूचना मिली थी। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के विभागाध्यक्ष शानू गंगवार, राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला महामंत्री अरविंद दिवाकर समेत अन्य पदाधिकारियों ने कोतवाली में शिकायत की थी।
शिकायत में बताया गया था कि कस्बे की दो दुकानों पर मांस की बिक्री की जा रही है। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
बिरयानी दुकान पर हुई थी बुलडोजर कार्रवाई
जांच के बाद शुक्रवार को एक दुकान का टिनशेड और काउंटर जेसीबी मशीन से ध्वस्त किया गया था। वहीं शनिवार को रजा चिकन शॉप पर कार्रवाई करते हुए इरफान और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया।
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सावन में प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।













