बरेली: शुक्रवार को बरेली में जुमे की नमाज के बाद ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद को लेकर बवाल हो गया। मुस्लिम समाज के लोग शहर के अलग-अलग हिस्सों में पोस्टर और बैनर लेकर सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने बैरिकेड तोड़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की।

श्यामगंज इलाके में प्रदर्शनकारियों और एसपी क्राइम के बीच नोकझोंक भी हुई। हालात को देखते हुए पुलिस ने श्यामगंज में दुकानों को बंद करवा दिया। नौमहला मस्जिद के बाहर भीड़ जमा हो गई। भीड़ बेकाबू होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे लोग जल्दी भाग खड़े हुए।

मौलाना तौकीर रजा ने ‘आई लव मोहम्मद’ मामले में डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजने की बात कही थी। उन्होंने सड़कों पर उतरने का ऐलान किया था। पुलिस ने इस ऐलान को देखते हुए पहले से ही हाई अलर्ट जारी किया और हजारों की संख्या में बल तैनात किया।

शुक्रवार की सुबह से ही इस्लामिया मैदान और बिहारीपुर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। श्यामगंज मंडी वाले रोड पर बैरिकेडिंग के साथ भारी फोर्स भी लगाई गई थी। दोपहर के समय लोग घरों से निकलने लगे और माहौल गरम होने लगा। जुमे की नमाज के बाद लोग नारेबाजी करते हुए सड़कों पर आ गए।

भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज किया और सीओ सिटी ने टियर गैस के गोले छोड़े। बिहारीपुर रोड पर उपद्रवियों को काबू में किया गया। कोतवाली थाना क्षेत्र में यह मामला दर्ज किया गया है।

इस घटना के बाद शहर में तनावपूर्ण माहौल है। पुलिस प्रशासन ने सभी इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है और स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Bareilly Police Lathicharge : जुमे की नमाज़ के बाद क्यों हुआ बवाल? भारत समाचार के रिपोर्टर से जानिए!

शेयर करना
Exit mobile version