अयोध्या: राम मंदिर में रामधन गबन, लूट और चोरी के आरोपों से जुड़े मामले में अब बरामदगी के आंकड़ों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। जांच से जुड़ी रिपोर्टों में रकम के हिसाब को लेकर अंतर सामने आने के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट और पुलिस की फर्द बरामदगी के आंकड़ों में ₹1,33,507 का अंतर है।
बहुमूल्य वस्तुओं की बरामदगी का उल्लेख किया गया
पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी के समय अदालत में दाखिल की गई फर्द बरामदगी में कुल ₹79,85,493 रुपये, 1121 अमेरिकी डॉलर, आभूषण और कुछ अन्य बहुमूल्य वस्तुओं की बरामदगी का उल्लेख किया गया है। वहीं, SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट में ट्रस्ट की ओर से पहले की गई बरामदगी की रकम ₹81,19,000 बताई गई है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि ₹2.25 लाख रुपये बाथरूम से बरामद हुए थे।
बरामद रकम के आंकड़ों में इतना अंतर कैसे आया
अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब पुलिस और SIT दोनों एक ही मामले की जांच कर रही हैं, तो बरामद रकम के आंकड़ों में इतना अंतर कैसे आया। ₹1.33 लाख से अधिक की राशि के अंतर को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग उठ रही है।
CCTV निगरानी को लेकर सवाल उठते रहे
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में पहले से ही ट्रस्ट की काउंटिंग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और CCTV निगरानी को लेकर सवाल उठते रहे हैं। अब बरामदगी के आंकड़ों में सामने आया अंतर जांच प्रक्रिया को और गंभीर बना रहा है। मामले में आगे की जांच और आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार है।














