बदायूं में बारात के जाम में फंसने के कारण एक मरीज की एंबुलेंस में ही मौत हो गई। घटना बदायूं-बरेली हाईवे पर सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की है। यहां पर्ल मैरिज लॉन के बाहर बारात के चलते सड़क पर भीषण जाम लग गया। इसी जाम में एक निजी एंबुलेंस करीब एक घंटे तक फंसी रही। एंबुलेंस में मौजूद मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन रास्ता नहीं मिल सका।
जानकारी के मुताबिक, किरण नाम की महिला लिवर की बीमारी से पीड़ित थीं। परिजन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए निजी एंबुलेंस से इलाज के लिए बरेली लेकर जा रहे थे। इसी दौरान एंबुलेंस बारात के जाम में फंस गई। एंबुलेंस का सायरन लगातार बजता रहा, लेकिन सड़क पर मौजूद बारातियों और अन्य लोगों ने रास्ता नहीं दिया। आरोप है कि एंबुलेंस का सायरन सुनने के बावजूद बाराती नाचते रहे और मरीज की जिंदगी के लिए जरूरी रास्ता नहीं खुल सका।
करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहने के बाद किरण ने एंबुलेंस के अंदर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पर्ल मैरिज लॉन के कर्मचारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कर्मचारियों ने रास्ता खुलवाने और सड़क से गाड़ियों को हटवाने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए।
मामले में परिजनों ने लॉन संचालक और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। घटना ने शादी समारोहों के दौरान सड़क पर लगने वाले जाम और आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



