बदायूं : अलापुर थाना क्षेत्र में चार साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। वह शाम को अपने घर के बाहर ताजिए देख रही थी। उसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। पूरी रात परिजन उसे ढूंढते रहे। सुबह वह मक्का के पास एक खेत में घायल अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे महिला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी का नाम अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां दिल्ली में काम करने वाला व्यक्ति रहता है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे उसके गांव में ताजिए निकाले जा रहे थे। उसे देखने के लिए गांव की सड़क पर काफी भीड़ थी। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और वहीं खड़े होकर ताजिए देख रहे थे।
घर से बाहर निकलकर ताजिये देखने लगी
इसी बीच चार साल की बच्ची भी अपने घर से बाहर निकलकर ताजिये देखने लगी। जब करीब एक घंटे बाद भी परिजनों ने उसे घर के आसपास नहीं देखा तो उन्होंने बच्ची को ढूंढना शुरू कर दिया। वह उसे इधर-उधर ढूंढते रहे। वही आसपास के खेतों में भी तलाश की लेकिन उसे कुछ पता नहीं चला। देर रात जब पता चला तो उन्होंने थाने में सूचना दी। पुलिस भी गांव पहुंची और लड़की की तलाश की। परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
खेत में लड़की के रोने की आवाज सुनी
यहां शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे गांव के कुछ लोगों ने पास के मक्का के खेत में लड़की के रोने की आवाज सुनी। तब वह मौके पर पहुंचे और वहां लड़की को देखकर चौंक गए। उसका शरीर कुचला हुआ था और वह घायल थी। परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए।
उन्होंने पुलिस को फोन किया। पुलिस लड़की को महिला अस्पताल ले गई। सुबह करीब आठ बजे उसे वहां भर्ती कराया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर है। उसका मेडिकल कराया गया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक आरोपी का नाम सामने नहीं आया है और न ही परिजनों ने कोई बयान दिया है। अब वह किसी के खिलाफ FIR दर्ज नहीं कराना चाहते हैं।
बच्ची के साथ रेप के मामले में गांव के कुछ लोगों पर एक-दूसरे के करीबी होने का शक है। उनका कहना है कि घटना को अंजाम देने में कोई करीबी भी हो सकता है। इस वजह से रिश्तेदार कार्रवाई करने से कतरा रहे हैं। अगर आरोपी उनके परिवार का है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई तय है। फिर वह बच नहीं पाएगा।
पुलिस का बयान
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। लड़की महिला अस्पताल में भर्ती है। वह खतरे से बाहर है और उसका मेडिकल कराया गया है। अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। उनकी शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।











