बदायूं जिले के बिसौली नगर में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक के टावर पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि युवक लंबे समय से जमीन के विवाद को लेकर परेशान चल रहा था और कई बार शिकायत के बावजूद समाधान न होने से उसने यह कदम उठाया। स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक कुछ महीने पहले भी इसी तरह टावर पर चढ़कर विरोध जता चुका है।
युवक ने आरोप लगाया है कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह सहित भाजपा नेता राहुल वार्ष्णेय और मुकेश समेत कई लोगों द्वारा उसके साथ दबंगई और उत्पीड़न किया जा रहा है। उसका कहना है कि उसकी जमीन पर जबरन विवादित बोर्ड लगा दिया गया है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद भी युवक नीचे आने को तैयार नहीं हुआ, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार युवक से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, इस घटना को लेकर इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई है और पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।













