इस साल की सबसे बड़ी और बहुचर्चित फिल्मों में शुमार ‘बंटवारा 1947’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी और राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित यह ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म के मेकर्स ने इसके ट्रेलर रिलीज की आधिकारिक तारीख का ऐलान कर दिया है, जिससे फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है।
अभिनेता सनी देओल ने सोशल मीडिया पर फिल्म का ट्रेलर कल (28 जुलाई) रिलीज होने की जानकारी दी। ट्रेलर रिलीज से ठीक पहले सनी देओल ने अपनी मां प्रकाश कौर के साथ एक बेहद प्यारी तस्वीर शेयर की और उन्हें अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने ‘बंटवारा 1947’ को अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित करते हुए उनके बेपनाह प्यार, हिम्मत और अनगिनत त्याग को सलाम किया है। सनी ने लिखा, ‘मेरी मां ही मेरा रब हैं। मेरा प्यार, मेरा हौसला, मेरी ताकत।’
बिना एक भी कट के सेंसर बोर्ड से पास हुई फिल्म
सनी देओल ने यह भी जानकारी दी कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने ‘बंटवारा 1947’ को बिना एक भी कट लगाए ‘A’ सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया है। भारत के बंटवारे के दर्द और इंसानी जज्बातों पर आधारित इस फिल्म में सनी देओल के अलावा शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए करीब 30 साल बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी फिर से साथ लौट रही है। फिल्म का संगीत दिग्गज संगीतकार ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि इसके गीत मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं।














