आज कल स्मार्ट फोन सभी के लिए दैनिक जीवन का हिस्सा बन चुका है, ऐसे में अगर उपयोग करते समय अचानक मोबाइल की टच स्क्रीन काम करना बंद कर दे तो भारी परेशानी हो सकती है। हालांकि, हर बार टच का न चलना किसी बड़ी हार्डवेयर खराबी की वजह से नहीं होता; कई बार यह स्क्रीन पर नमी, पसीना, धूल, सॉफ्टवेयर बग या किसी थर्ड-पार्र्टी ऐप की समस्या के कारण भी होता है। सर्विस सेंटर के चक्कर लगाने और पैसे खर्च करने से पहले कुछ आसान घरेलू तरीकों को अपनाकर इस समस्या का समाधान पाया जा सकता है।
बता दें, सबसे पहले माइक्रोफाइबर कपड़े से स्क्रीन पर जमी धूल, पसीने या तेल को अच्छी तरह साफ करें। इसके बाद भी टच काम न करे, तो फोन को रीस्टार्ट करें। यदि टच पूरी तरह से अनरिस्पॉन्सिव हो गई है, तो पावर और वॉल्यूम बटन का उपयोग करके फोन को Force Restart करें। कई बार हाल ही में लगवाया गया घटिया या गलत तरीके से फिट किया गया टेम्पर्ड ग्लास/स्क्रीन गार्ड भी टच रिस्पॉन्स में रुकावट डालता है, जिसे हटाकर टेस्ट करना चाहिए। इसके अतिरिक्त, सॉफ्टवेयर बग दूर करने के लिए लेटेस्ट सिस्टम अपडेट इंस्टॉल करें।
यदि इन सभी उपायों के बाद भी टच स्क्रीन रिस्पॉन्स नहीं करती है और स्क्रीन पर कोई क्रैक है या फोन पानी में गिरा है, तो यह हार्डवेयर की खराबी हो सकती है। ऐसी स्थिति में अपने जरूरी डेटा का बैकअप लेने के बाद फोन को अधिकृत सर्विस सेंटर पर जांच के लिए ले जाएं।














