“The future is Indian”: Finland’s President Alexander Stubb hails India’s growing strength. फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने भारत की वैश्विक भूमिका की खुलकर तारीफ करते हुए कहा है कि आने वाला समय भारत का है। उन्होंने कहा कि दुनिया का रुख तेजी से नई दिल्ली की ओर बढ़ रहा है और भारत की जनसंख्या, अर्थव्यवस्था और ऐतिहासिक ताकत इसे वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जा रही है।

एक इंटरव्यू में स्टब ने कहा, “मुझे लगता है कि भविष्य भारतीय है। मैं यह सिर्फ इसलिए नहीं कह रहा क्योंकि मैं भारत में हूं, बल्कि इसलिए क्योंकि डेमोग्राफी, अर्थव्यवस्था और इतिहास भारत के पक्ष में खड़े हैं।” उन्होंने कहा कि भारत आने वाले समय में वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था में बड़ी भूमिका निभाएगा।

राष्ट्रपति स्टब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई अपनी मुलाकात को भी बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के साथ उनकी लगभग तीन घंटे तक विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें भारत और फिनलैंड के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने पर बात हुई। उन्होंने अपने इस दौरे को बेहद सकारात्मक अनुभव बताया।

स्टब ने कहा कि पिछली बार जब वह 2013 में भारत आए थे, तब से देश में काफी बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने भारत के तेजी से बढ़ते इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़कों और शहरी विकास की तारीफ करते हुए कहा कि भारत हर बार पहले से ज्यादा विकसित नजर आता है।

उन्होंने भारत और फिनलैंड के बीच हुए नए समझौतों को भी अहम बताया। स्टब ने कहा कि दोनों देशों के बीच हुए MoUs से लेबर मोबिलिटी और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा और इससे दोनों देशों को फायदा होगा।

अपने भारत दौरे के दौरान राष्ट्रपति स्टब मुंबई भी पहुंचे, जहां उन्होंने ताज पैलेस होटल में 26/11 मुंबई हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आतंकवाद दुनिया के लिए बड़ा खतरा है और 26 नवंबर 2008 का हमला बेहद दुखद और दर्दनाक घटना थी।

राष्ट्रपति स्टब ने बदलते वैश्विक परिदृश्य पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में विश्व व्यवस्था में बड़ा बदलाव हो रहा है और पुराने शक्ति ढांचे से आगे बढ़ने की जरूरत है। उनका मानना है कि दुनिया को अधिक मल्टीलेटरल यानी बहुपक्षीय व्यवस्था की ओर बढ़ना चाहिए।

उन्होंने पश्चिमी देशों से अपील करते हुए कहा कि भारत जैसी बड़ी लोकतांत्रिक ताकत को वैश्विक मंचों पर ज्यादा महत्व दिया जाना चाहिए। स्टब ने स्पष्ट तौर पर कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत को स्थायी सदस्यता मिलनी चाहिए ताकि वैश्विक संस्थाएं आज की दुनिया की वास्तविकता को दर्शा सकें।

राष्ट्रपति स्टब ने कहा कि दुनिया अब 1945 के दौर में नहीं जी रही है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को भी 2026 की वास्तविकताओं के अनुसार खुद को बदलना होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में ग्लोबल साउथ की भूमिका और मजबूत होगी और इसमें भारत नेतृत्व कर सकता है।

Lucknow | Keshav Prasad Maurya के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप | Big News

शेयर करना
Exit mobile version