उत्तर प्रदेश कांग्रेस की ओर से आज जारी एक आधिकारिक पत्र ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। इस पत्र से स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा एक बार फिर उत्तर प्रदेश की सक्रिय राजनीति में अपनी बड़ी भूमिका निभाने जा रही हैं। कांग्रेस ने प्रियंका गांधी के 12 जनवरी 2026 के जन्मदिन पर पूरे प्रदेश में पत्रकार वार्ताएं आयोजित करने का फैसला किया है। कांग्रेस ने यह जिम्मेदारी जिला-दर-जिला वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है।
कांग्रेस इसे अपने “एजेंडा-100 दिन” अभियान का हिस्सा मान रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह कदम केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का संकेत है। चर्चा है कि प्रियंका गांधी आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सुपर प्रभारी की भूमिका निभा सकती हैं।
बता दें कि 2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था और इसके बाद प्रियंका गांधी ने यूपी की सियासत से दूरी बना ली थी। वायनाड से सांसद बनने के बाद उनका फोकस राष्ट्रीय राजनीति पर था। लेकिन अब इस पत्र से यह साफ होता है कि कांग्रेस नेतृत्व प्रियंका गांधी को फिर से उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय करने की योजना पर काम कर रहा है। कांग्रेस द्वारा प्रदेशभर में एक साथ आयोजित की जाने वाली पत्रकार वार्ताओं को पार्टी के राजनीतिक पुनर्गठन और प्रियंका गांधी के बड़े कमबैक की शुरुआत माना जा रहा है।













