भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह और अभिनेत्री अक्षरा सिंह के बीच लंबे समय से चली आ रही दूरियों को मिटाने की दिशा में एक बड़ा कदम सामने आया है। मुंगेर जिले के कल्याणपुर में आयोजित बिहार के सबसे बड़े दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान पवन सिंह ने मां दुर्गा के दरबार में सरेआम दिल की बात रखते हुए अभिनेत्री अक्षरा सिंह और उनके परिवार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उनके इस आत्मीय और खुलेपन भरे अंदाज ने एक बार फिर से उनके प्रशंसकों के दिलों को गहराई से छू लिया है।
‘अक्षरा सिंंह मेरा बाबू है… दिल से सॉरी’, पावर स्टार पवन सिंह ने मुंगेर में मां दुर्गा के दरबार में मांगी माफी. https://t.co/vYoK1BRStN
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) October 19, 2026
कल्याणपुर स्थित ऐतिहासिक बड़ी दुर्गा महारानी के पावन दरबार में ‘सुपरस्टार नाइट्स’ के कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने पारंपरिक देवी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस मौके पर उन्होंने अक्षरा सिंह के सुपरहिट देवी गीत “पवन सिंह के भजन बजाके” पर जमकर थिरकते हुए माहौल को पूरी तरह जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के दौरान जब दर्शकों के बीच कुछ सुगबुगाहट शुरू हुई, तो पवन सिंह ने माइक संभालते हुए बेहद सहज और स्नेहभरे अंदाज में कहा, “अक्षरा सिंह मेरा बाबू है, मेरा बेटा है… उनके पिताजी हमारे भइया हैं और उनकी माताजी मेरी भाभी हैं।”
उन्होंने बड़ा दिल दिखाते हुए कहा कि अगर अतीत में उनकी वजह से अक्षरा जी या उनके परिवार को किसी बात का दुख या ठेस पहुंची है, तो वे हाथ जोड़कर और दिल से माफी मांगते हैं। इतना ही नहीं, मंच से उन्होंने जब जनता से यह सवाल किया कि क्या वे दोनों की जोड़ी को फिर से एक साथ देखना चाहते हैं, तो पूरे पंडाल में मौजूद हजारों दर्शकों ने जोरदार तालियों और शोर के साथ अपनी सहमति जताई। जनता के इस अपार प्यार और समर्थन को देख भावुक हुए पवन सिंह ने जल्द ही साथ काम करने का भी संकेत दिया। उनका यह भावनात्मक अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है।














