बाराबंकी जिले में सिद्धौर-केसरगंज रोड पर बसंतपुर गांव के पास युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। जिस घटना को पहले सड़क हादसा माना जा रहा था, अब उसमें हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मृतक की बहन के पति, जेठ और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोर्ट में पेशी के बहाने बुलाने का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि बहन के पति ने फोन कर दुष्कर्म के एक मामले में 24 जून को कोर्ट में पेशी होने की बात कही। जब मृतक अपनी बहन को लेकर अदालत पहुंचा तो पता चला कि मामले की अगली तारीख 4 अगस्त है। इसके बाद बहन को रिश्तेदारों के साथ घर भेज दिया गया और वह अपने दोस्त तथा मौसेरे भाई के साथ बहन की ससुराल की ओर रवाना हो गया।
रॉड से हमला, फिर कार से कुचलने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, बसंतपुर गांव के पास बहन के पति, उसके जेठ और ससुर ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि पहले लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे तीनों बाइक से गिर गए। इसके बाद मृतक की पिटाई की गई और फिर कार से कुचल दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दुष्कर्म केस में समझौते का बनाया जा रहा था दबाव
मृतक के बड़े भाई के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले उनकी बहन की शादी हुई थी। शादी के बाद ससुराल पक्ष के एक युवक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया था। आरोप है कि उसी मामले में समझौता करने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। प्रताड़ना से परेशान होकर उनकी बहन करीब एक माह पहले मायके आ गई थी।
लगातार लोकेशन पूछता रहा आरोपी
मृतक के मौसेरे भाई का कहना है कि घटना वाले दिन बहन का पति लगातार फोन कर लोकेशन पूछ रहा था और मिलने के लिए दबाव बना रहा था। इसके बाद दोपहर में तीनों लोग उसकी ससुराल की ओर निकले थे।
नंबर प्लेट पर लिखा था ‘अपर जिलाधिकारी’
परिजनों का दावा है कि वारदात में इस्तेमाल की गई कार की नंबर प्लेट पर ‘अपर जिलाधिकारी’ लिखा हुआ था। घटना के दौरान नंबर प्लेट मौके पर गिर गई थी। बताया जा रहा है कि वाहन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है, लेकिन उसे आरोपी चलाता था।
गाड़ी के साथ काफी दूर तक घिसटा युवक
परिजनों के अनुसार, टक्कर के बाद युवक के कपड़े कार के बोनट में फंस गए थे, जिससे वह कुछ दूरी तक घिसटता चला गया। इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
कोठी थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।














