कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भतीजी बृष्टि मुखर्जी की मंगलवार को बीरभूम जिले में उनके घर पर मौत हो गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आत्महत्या की आशंका जताई है। 28 वर्षीय बृष्टि का शव उनके घर की दूसरी मंजिल के एक कमरे से दोपहर में बरामद किया गया।
पुलिस ने क्या कहा?
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य प्रक्रियात्मक जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। पुलिस परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है।
क्या कहते हैं परिवार के लोग?
परिवार के सदस्यों के मुताबिक, बृष्टि तलाक की प्रक्रिया से गुजर रही थीं और पिछले कुछ वर्षों से उनका अवसाद (डिप्रेशन) का इलाज चल रहा था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि मौत के ठीक पहले क्या परिस्थितियां थीं। बृष्टि के पिता निहार मुखर्जी ममता बनर्जी के मामा के बेटे हैं और स्थानीय स्तर पर टीएमसी नेता हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।













