पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और गैस आपूर्ति पर पड़े असर के बीच अदाणी टोटल गैस लिमिटेड (ATGL) ने बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने वाहन चालकों और घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए CNG और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। हालांकि गैस आपूर्ति में आई बाधाओं के कारण कुछ बड़े औद्योगिक ग्राहकों के लिए गैस सप्लाई सीमित कर दी गई है।

कंपनी के एक अधिकारी के मुताबिक ATGL की लगभग 70 प्रतिशत गैस घरेलू स्रोतों से आती है। यह गैस मुख्य रूप से CNG उपयोगकर्ताओं और घरों में इस्तेमाल होने वाली पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG-डोमेस्टिक) के लिए दी जाती है। इसी वजह से इन दोनों वर्गों के लिए फिलहाल कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

अदाणी समूह और फ्रांस की ऊर्जा कंपनी Total Energies का संयुक्त उद्यम ATGL अपनी करीब 30 प्रतिशत गैस आयातित LNG के रूप में खरीदता है। यह गैस मुख्य रूप से वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को दी जाती है। लेकिन पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे LNG की आपूर्ति में बाधा आई है।

गैस सप्लाई में आई इस दिक्कत को देखते हुए कंपनी ने बड़े औद्योगिक और वाणिज्यिक ग्राहकों को उनकी अनुबंधित मात्रा के केवल 40 प्रतिशत तक ही गैस इस्तेमाल करने के लिए कहा है। अधिकारी के अनुसार इस सीमा तक इस्तेमाल होने वाली गैस का बिल ग्राहकों को उनके तय कॉन्ट्रैक्ट रेट पर ही दिया जाएगा, जिससे उन्हें वैकल्पिक ईंधन अपनाने का समय मिल सके।

कंपनी के मुताबिक औसतन कॉन्ट्रैक्ट के तहत गैस की कीमत लगभग 40 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर है। लेकिन अगर ग्राहक 40 प्रतिशत से अधिक गैस इस्तेमाल करते हैं तो उस अतिरिक्त खपत पर स्पॉट मार्केट के हिसाब से कीमत चुकानी होगी।

स्पॉट मार्केट में LNG की कीमतें इस समय काफी अधिक हैं। पहले जहां LNG की कीमत करीब 10 डॉलर प्रति mmBtu थी, वहीं मौजूदा संकट के कारण यह बढ़कर 24 से 25 डॉलर प्रति mmBtu तक पहुंच गई है। इसी वजह से अतिरिक्त गैस उपयोग पर ग्राहकों को करीब 119 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर की दर से भुगतान करना होगा।

कंपनी ने कहा है कि वह आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के बावजूद सभी वर्गों के उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करते हुए गैस की निरंतर सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

America और Israel के खिलाफ Delhi में हुआ जमकर विरोध प्रदर्शन | Breaking News

शेयर करना
Exit mobile version