पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है। इसी बीच भारतीय एयरलाइन अकासा एयर ने घोषणा की है कि वह प्रभावित यात्रियों और क्रू को सुरक्षित वापस लाने के लिए विशेष उड़ानें संचालित करेगी। वहीं दूसरी ओर एयर अरेबिया ने सुरक्षा कारणों से UAE के लिए अपनी कई उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया है।
बता दें, अकासा एयर ने बुधवार को एक बयान जारी कर बताया कि अबू धाबी से मुंबई के लिए एक विशेष उड़ान संचालित की जाएगी। यह फ्लाइट QP 585 अबू धाबी से स्थानीय समयानुसार शाम 4 बजे (भारतीय समयानुसार 5:30 बजे) रवाना होगी। इस विशेष उड़ान का उद्देश्य मौजूदा हालात से प्रभावित यात्रियों और क्रू को सुरक्षित भारत लाना है।
इसके अलावा एयरलाइन ने सऊदी अरब के जेद्दा के लिए भी कुछ विशेष उड़ानों की घोषणा की है। 4 मार्च को मुंबई–जेद्दा और अहमदाबाद–जेद्दा के बीच उड़ानें संचालित होंगी। वहीं 5 मार्च को मुंबई–जेद्दा के साथ-साथ बेंगलुरु–जेद्दा के बीच भी विशेष सेवाएं चलाई जाएंगी। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि इन उड़ानों का संचालन मौजूदा सुरक्षा आकलन के आधार पर किया जा रहा है और क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुसार इसमें बदलाव संभव है।
हालांकि, दोहा, कुवैत सिटी और रियाद के लिए अकासा एयर की उड़ानें 5 मार्च तक निलंबित रहेंगी। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उधर एयर अरेबिया ने भी बयान जारी कर बताया कि उसने UAE के लिए अपनी कई उड़ानों को अस्थायी रूप से सोमवार 9 मार्च दोपहर 3 बजे (UAE समय) तक के लिए रोक दिया है। एयरलाइन के अनुसार, केवल कुछ सीमित उड़ानें संबंधित अधिकारियों की मंजूरी के साथ संचालित की जा रही हैं। जिन यात्रियों की उड़ानें जारी रहेंगी, उन्हें सीधे सूचित किया जाएगा। बाकी यात्रियों को सलाह दी गई है कि जब तक एयरलाइन से सूचना न मिले, वे एयरपोर्ट न पहुंचे।
पश्चिम एशिया में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। हालिया सैन्य घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति संवेदनशील हो गई है, जिसके चलते कई एयरलाइनों ने अपने उड़ान संचालन में बदलाव किए हैं। बढ़ते संघर्ष और अस्थिरता के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी असर पड़ रहा है और एयरलाइंस यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार फैसले ले रहा हैं।













