पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव और कई देशों द्वारा एयरस्पेस बंद किए जाने के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बहरीन, कुवैत, ओमान, क़तर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात से आने-जाने वाली अपनी उड़ानों पर रोक 2 मार्च रात 11:59 बजे तक बढ़ा दी है। सूत्रों के अनुसार एयरलाइन के प्रवक्ता ने रविवार को इसकी पुष्टि की।
बता दें, एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस आधिकारिक वेबसाइट पर जरूर जांच लें। साथ ही, बिना किसी अतिरिक्त तारीख परिवर्तन शुल्क के टिकट को आगे की तारीख में रीशेड्यूल करने की सुविधा भी दी जा रही है।
वहीं, मौजूदा हालात का असर देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर साफ नजर आ रहा है। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर अब तक 100 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जिनमें 60 प्रस्थान और 40 आगमन की फ्लाइट्स शामिल हैं वहीं, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर 125 उड़ानें रद्द हुई हैं, जिनमें 67 प्रस्थान और 58 आगमन की फ्लाइट्स शामिल हैं और तिरुचिरापल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डापर 1 मार्च को 33 और 2 मार्च को 5 उड़ानें रद्द की गई हैं।
बता दें, एयरस्पेस पाबंदियों के कारण एयर इंडिया एक्सप्रेस अब तक 110 से अधिक उड़ानें रद्द कर चुका है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी असर देखा जा रहा है। अमीरात ने 2 मार्च को यूएई समयानुसार दोपहर 3 बजे तक दुबई आने-जाने वाले परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिए हैं। क़तर का एयरस्पेस बंद होने के कारण हमाद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर भी उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है।
तनावपूर्ण स्थिति के बीच इज़राइल ने देशभर में आपातकाल की घोषणा कर दी है। ईरान, इराक और इज़राइल ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात पर व्यापक असर पड़ा है।
ईरान में हालिया घटनाक्रमों के बाद राष्ट्रीय शोक की घोषणा भी की गई है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
यात्रियों को सलाह है कि वे यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन और एयरपोर्ट से ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें।














