Shamli: UPSC सिविल सर्विसेज एग्जाम 2025 का रिजल्ट जारी हो गया है और इस बार शामली की आस्था जैन ने शानदार सफलता प्राप्त की है। आस्था जैन ने 9वीं रैंक हासिल करके UPSC की टॉप 10 में अपनी जगह बनाई है। आस्था ने 2025 में भी UPSC की परीक्षा क्वालीफाई की थी, जिसमें उन्हें 131वीं रैंक मिली थी और वह IPS अधिकारी बनीं। हैदराबाद में IPS की ट्रेनिंग से छुट्टी लेकर आस्था ने फिर से सिविल सर्विस की तैयारी की और दूसरे प्रयास में IAS बनीं।
आस्था जैन का परिवार कांधला में रहता है। उनके पिता अजय कुमार परचून की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी मां एक हाउसवाइफ हैं। आस्था की शुरू से ही पढ़ाई में गहरी रुचि रही है और वह हमेशा से ही तेज-तर्रार छात्रा रही हैं। आस्था के दो बहनें और एक भाई भी हैं।
आस्था ने IPS बनने से पहले दिल्ली में रहकर कुछ दिनों तक IAS की कोचिंग ली थी, इसके बाद उन्होंने सेल्फ स्टडी पर फोकस किया। आस्था जैन ने पहले प्रयास में IPS को क्लियर किया और दूसरे प्रयास में IAS की परीक्षा पास करके 9वीं रैंक हासिल की।
बिटिया ने अपनी मेहनत से पाया मुकाम
आस्था जैन के पिता अजय कुमार ने कहा, “मेरी बेटी ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। मेरी एक बेटी डॉक्टर है और मैंने हमेशा अपनी बेटियों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं छोड़ी। मैंने अपनी बेटियों को बराबरी का मौका दिया और कभी भी उन्हें कम नहीं समझा।”
आस्था जैन की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह उन सभी युवाओं के लिए एक प्रेरणा है जो कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करना चाहते हैं।













