लखनऊ। मलिहाबाद क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। एक PRD जवान की पत्नी अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई। जब पति ने उसे ढूंढ निकाला, तो पत्नी ने खुलकर प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई। पति ने उसकी भावनाओं का सम्मान करते हुए न सिर्फ आपसी सहमति से अलग होने की प्रक्रिया पूरी की, बल्कि मंदिर में दोनों की शादी भी कराई।
क्या है पूरा मामला?
महिला और उसका प्रेमी दोनों माल थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों ने एक ही स्कूल में पढ़ाई की थी और इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो आगे चलकर प्यार में बदल गई। लेकिन करीब एक साल पहले महिला की शादी मलिहाबाद निवासी एक PRD जवान से कर दी गई। शादी के बाद भी महिला अपने प्रेमी के संपर्क में बनी रही और दोनों लगातार बातचीत करते रहे। चार दिन पहले महिला बिना कुछ बताए घर से चली गई, जिसके बाद परिवार ने काफी तलाश की और मलिहाबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
हरदोई से हुई बरामदगी, थाने में सामने आया सच
पुलिस की जांच में महिला हरदोई में अपने प्रेमी के साथ मिली। मलिहाबाद पुलिस ने वहां पहुंचकर दोनों को बरामद किया और थाने ले आई। इसके बाद दोनों पक्षों के परिवार थाने पहुंचे, जहां काफी देर तक बातचीत हुई। परिवार वालों ने महिला को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही और साफ कह दिया कि उसे अपने प्रेमी के साथ ही रहना है।
पति ने किया इच्छा का सम्मान
पत्नी की बात सुनने के बाद PRD जवान ने भी उसे रोकने से इनकार कर दिया। उसने पत्नी की इच्छा का सम्मान करते हुए आपसी सहमति से अलग होने पर हामी भर दी और दोनों पक्षों की सहमति से जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद स्थानीय मंदिर में महिला और उसके प्रेमी की शादी कराई गई, जहां दोनों ने सात फेरे लिए। शादी के बाद महिला को उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया गया। PRD जवान के इस फैसले की पूरे इलाके में जमकर चर्चा हो रही है, जहां लोग उसकी समझदारी और बड़े दिल की तारीफ कर रहे हैं।













