पटना के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब जिले के मनेर स्थित उप डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट सेवा कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
डाक अधीक्षक (पासपोर्ट) के आधिकारिक ईमेल पर भेजे गए संदेश में दावा किया गया कि पैगंबर के अपमान को लेकर डाकघर में साइनाइड गैस छोड़ी जाएगी और कार्यालय को RDX से उड़ा दिया जाएगा। ईमेल मिलने के बाद पुलिस इसकी सत्यता और स्रोत की जांच कर रही है।
धमकी के तुरंत बाद मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे डाकघर परिसर को खाली करा दिया गया। कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बरत रही है।
पुलिस की साइबर टीम धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है। ईमेल की तकनीकी जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह केवल अफवाह फैलाने की कोशिश है या किसी साजिश का हिस्सा है।














