चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक बड़ा प्रोजेक्ट शुरू किया। इस योजना के तहत 19,491.56 किलोमीटर लंबी ग्रामीण लिंक सड़कों की मरम्मत और उन्नयन किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट की कुल लागत 4,150.42 करोड़ रुपये है, जिसमें अगले पाँच वर्षों तक इन सड़कों की देखभाल भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में कुल 30,237 लिंक सड़कें हैं, जिनकी लंबाई 64,878 किलोमीटर है। इनमें से 33,492 किलोमीटर सड़कें पंजाब मंडी बोर्ड और 31,386 किलोमीटर सड़कें लोक निर्माण विभाग के अधीन हैं।
उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट में 383.53 करोड़ रुपये की बचत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) सर्वेक्षण के जरिए हुई और पहली बार “सड़क बुनियादी ढाँचा विकास बैठक” आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों, ठेकेदारों और हितधारकों को निर्देश दिए गए कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न किया जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सड़कों की सुरक्षा और यातायात सुगमता के लिए 91.83 करोड़ रुपये की लागत से विशेष सुरक्षा प्रोजेक्ट लागू किया जाएगा। इसके तहत धुंध या अंधेरे में यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए सड़क दोनों तरफ तीन इंच चौड़ी सफेद पट्टी पेंटिंग, स्कूल और सार्वजनिक क्षेत्रों के पास ज़ेब्रा क्रॉसिंग और हर दो किलोमीटर पर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह प्रोजेक्ट आर्थिक विकास और ग्रामीण कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगा, जिससे वस्तुओं और सेवाओं की पहुंच बेहतर होगी। उन्होंने पंजाब मंडी बोर्ड और लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि अलॉट किए गए प्रत्येक पैसे का सटीक और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने राज्य में बाढ़, नशे और बिजली संकट सहित अन्य चुनौतियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि बाढ़ से 2,300 से अधिक गांव प्रभावित हुए, 20 लाख लोग प्रभावित हुए और लगभग 7 लाख लोग बेघर हो गए। किसानों को फसल नुकसान के लिए 20,000 रुपये प्रति एकड़ सहायता दी जाएगी।
भगवंत सिंह मान ने शिरोमणि अकाली दल और अन्य विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा, कहा कि अब राज्य की जनता ने पुराने राजनैतिक दलों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के वित्तीय निर्णयों के बावजूद पंजाब अपने किसानों और सरहद सुरक्षा के दायित्वों को पूरा करता रहेगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, विधायक सरवन सिंह धुन, मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।