पंजाब के बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत और बचाव कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि प्रत्येक प्रभावित गांव में एक गजटेड अधिकारी तैनात किया जाए, जो बचाव कार्यों की निगरानी करेंगे और स्थानीय प्रशासन से सीधा संपर्क बनाए रखेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन अधिकारियों का मुख्य कार्य गांववासियों और प्रशासन के बीच सीधा संपर्क सुनिश्चित करना होगा। इस कदम से बाढ़ प्रभावित लोग अपनी समस्याएं अधिकारियों के साथ साझा कर सकेंगे, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सके।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में 23 जिलों के 1698 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे लगभग 3.80 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे लोगों की सुरक्षा के लिए पंजाब सरकार हर संभव कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने यह भी कहा कि बचाव और राहत कार्य पहले ही युद्धस्तर पर चल रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। उन्होंने बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए पहले ही विशेष गिरदावरी आदेश दिए हैं, और अधिकारियों को निष्पक्ष तरीके से गिरदावरी करने के निर्देश दिए गए हैं।