नोएडा : उत्तर प्रदेश के नोएडा जिले में सर्वर हैक कर 2.42 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। सेक्टर-65 स्थित रिनोवा पेटेक कंपनी के सर्वर को हैक कर साइबर ठगों ने महज 8 घंटे के भीतर 497 ट्रांजेक्शन कर डाले। ठगी की रकम अलग-अलग बैंकों के खातों में ट्रांसफर की गई।
जानकारी के मुताबिक, रिनोवा पेटेक कंपनी रिचार्ज और बिल पेमेंट की सेवा उपलब्ध कराती है। आरोप है कि साइबर ठगों ने कंपनी के सर्वर को हैक करने के बाद सिस्टम में सेंध लगाई और करीब 2.42 करोड़ रुपये की रकम ट्रांसफर कर ली। ठगों ने इस रकम को 28 अलग-अलग बैंकों के 58 खातों में भेजा।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बेहद कम समय में बड़ी संख्या में ट्रांजेक्शन किए। करीब 8 घंटे के दौरान कुल 497 ट्रांजेक्शन किए गए, जिसके जरिए कंपनी की रकम अलग-अलग बैंक खातों तक पहुंचाई गई। घटना का पता चलने के बाद कंपनी की ओर से मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
मामले में नोएडा साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब सर्वर हैक करने वाले आरोपियों की पहचान और ठगी की रकम को ट्रेस करने में जुटी है। जांच में 28 बैंकों के 58 खातों में रकम ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। साइबर क्राइम टीम ट्रांजेक्शन की पूरी जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।












