कन्नौज में ब्रेजा कार से बरामद करीब 10 किलो 26 ग्राम सोने के मामले में जांच एजेंसियों को अहम सुराग मिले हैं। कस्टम विभाग की जांच में सामने आया है कि जिस कार से सोना बरामद हुआ था, वह घटना वाले दिन नेपाल गई थी और कुछ घंटे बाद भारत वापस लौटी थी।
जांच के मुताबिक, अभिषेक नाम का चालक शुक्रवार सुबह 9:36 बजे ब्रेजा कार लेकर नेपाल के महेशपुर बॉर्डर से दाखिल हुआ था। वहां वाहन का 600 नेपाली रुपये का टैक्स भी जमा कराया गया था। इसके बाद शाम करीब सात बजे कार भारत वापस लौटी।
गोरखपुर से कन्नौज तक पहुंची कार
कस्टम जांच में सामने आया कि नेपाल से लौटने के बाद कार गोरखपुर पहुंची, जहां इसे महाराजगंज निवासी संदीप जायसवाल को सौंप दिया गया। संदीप पर सोने की तस्करी में शामिल होने का आरोप है।
इसके बाद संदीप ने नेपाल निवासी सरोज पंत को कार में बैठाया और कई जिलों से होते हुए कन्नौज पहुंचा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात ब्रेजा कार की पुलिस वाहन टाटा सूमो से टक्कर हो गई थी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
सोना नेपाल से लोड होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में एजेंसियों को आशंका है कि सोना नेपाल से कार में रखा गया और फिर इसे दिल्ली पहुंचाने की योजना थी। जांच के अनुसार, दिल्ली पहुंचने के बाद ही चालक को बताया जाता था कि सोना किस व्यक्ति को सौंपना है।
कस्टम अधिकारी अब नेपाल यात्रा, बॉर्डर रिकॉर्ड, टैक्स भुगतान और गोरखपुर से कन्नौज तक कार की गतिविधियों की जांच कर रहे हैं।
डिलीट वाट्सऐप की होगी जांच
पुलिस के मुताबिक, कार चालक संदीप के मोबाइल फोन में वाट्सऐप डिलीट मिला है। आशंका है कि पुलिस को मोबाइल सौंपने से पहले वाट्सऐप अनइंस्टॉल किया गया।
अब कस्टम विभाग वाट्सऐप डेटा रिकवर करने के लिए विशेषज्ञों की मदद लेने की तैयारी में है। इसके अलावा कस्टम की टीम नेपाल के महेशपुर बॉर्डर पर जाकर सीसीटीवी फुटेज भी खंगालेगी।
अखिलेश यादव के आरोप पर पुलिस का जवाब
सोना बरामदगी मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया था कि कार से 26 सोने के बिस्किट मिले थे, जबकि पुलिस ने केवल 10 दिखाए।
वहीं पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बरामद सोना अधिकारियों और कस्टम विभाग की मौजूदगी में जांच के लिए सौंपा गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने भी 10 सोने की ईंटें बरामद होने की बात स्वीकार की है।
15 करोड़ रुपये से ज्यादा है सोने की कीमत
एसपी विनोद कुमार के अनुसार बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ 39 लाख रुपये है। मामले की जांच में जीएसटी विभाग के बाद अब कस्टम विभाग भी शामिल है।
जांच एजेंसियां सोने के स्रोत, दिल्ली तक पहुंचाने वाले नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।













