नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार तड़के एक भीषण बस हादसा हुआ, जिसमें 18 लोगों की जान चली गई। पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस त्रिशूली नदी में गिर गई। यह हादसा भारतीय समय के अनुसार रात करीब एक बजे चिनाधारा क्षेत्र में हुआ। बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे, जिनमें कुछ विदेशी पर्यटक भी शामिल थे।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतकों में 6 महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। हादसे में घायल हुए 25 से 27 लोगों में 8 महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की भी शामिल है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
हादसा तब हुआ जब बस पृथ्वी राजमार्ग पर बेनीघाट रोरांग के भैसेपाटी इलाके के पास अनियंत्रित हो गई और 300 मीटर नीचे ढलान से होते हुए त्रिशूली नदी में गिर गई। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक रिपोर्ट में चालक के नियंत्रण खोने या खराब सड़क की स्थिति को कारण माना जा रहा है। बस में क्षमता से अधिक यात्री होने की भी जांच की जा रही है।
रात के समय हादसा होने के कारण राहत कार्य में बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल और स्थानीय लोग मिलकर बचाव कार्य में जुटे हैं। अंधेरे और नदी के बहाव के कारण बचाव कार्य मुश्किल था।














