नवरात्रि के पावन अवसर की शुरुआत के साथ ही बहुप्रतीक्षित एनिमेटेड फिल्म ‘महादेवी आदिशक्ति – द लेजेंड ऑफ़ माँ दुर्गा’ का आधिकारिक फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। मिलिंद नंदनवार के निर्देशन और लेखक अक्षत गुप्ता की कलम से सजी यह भव्य एनिमेटेड फिल्म फरवरी 2027 में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। यह फिल्म मुख्य रूप से देवी दुर्गा और उनके विभिन्न स्वरूपों—विशेष तौर पर महिषासुरमर्दिनी (जिन्होंने राक्षस महिषासुर का वध किया था) और देवी काली की गाथाओं पर आधारित है।
बता दें, फिल्म के निर्देशक मिलिंद नंदनवार ने इस प्रोजेक्ट को लेकर कहा कि सनातन धर्म की ये कहानियां पीढ़ियों से हमारी सभ्यता की रीढ़ रही हैं और आज के समय में भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी और सौभाग्य की बात है कि हमें मां की इस महिमा को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनाया गया है। फिल्म के मेकर्स ने आज के एआई (AI) दौर से हटकर एक अनूठा फैसला लिया है, जिसके तहत इस फिल्म में पारंपरिक हाथ से बने एनिमेशन का इस्तेमाल किया जा रहा है और 150 से अधिक एनिमेटर्स इस पर काम कर रहे हैं।
अर्थ एंटरटेनमेंट और एनिमेशन के बैनर तले गौरव मल्होत्रा द्वारा प्रोड्यूस की गई इस फिल्म में संगीत श्रेयस पुराणिक का है। प्रोड्यूसर गौरव मल्होत्रा ने बताया कि इस पारिवारिक फिल्म का मुख्य उद्देश्य बच्चों, माता-पिता और दादा-दादी को एक साथ भारतीय संस्कृति, मूल्यों और भक्ति से जोड़ना है ताकि युवा पीढ़ी आधुनिक फॉर्मेट में अपनी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत से रूबरू हो सके।



