रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ यानी ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार धमाल मचा रही है। रिलीज के महज 6 दिनों में फिल्म ने भारत में 575.67 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि दुनियाभर में इसकी कमाई 919 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है।
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने छठे दिन यानी मंगलवार को भारत में 56.55 करोड़ रुपए की कमाई की। इसके साथ ही ‘धुरंधर 2’ ने सबसे तेजी से 900 करोड़ क्लब में एंट्री करने के मामले में ‘पुष्पा 2’ की बराबरी कर ली है। हालांकि कुल कमाई के मामले में ‘पुष्पा 2’ अभी भी आगे है।
फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो पहले हफ्ते में गुरुवार को 102.55 करोड़, शुक्रवार को 80.72 करोड़, शनिवार को 113 करोड़ और रविवार को 114.85 करोड़ रुपए की कमाई हुई। वहीं दूसरे हफ्ते के सोमवार को 65 करोड़ और मंगलवार को 56.55 करोड़ रुपए का कलेक्शन दर्ज किया गया।
भाषाई कलेक्शन में हिंदी वर्जन सबसे आगे रहा, जिसने छठे दिन 52 करोड़ रुपए कमाए। इसके अलावा तेलुगु में 3.10 करोड़, तमिल में 1.10 करोड़, कन्नड़ में 20 लाख और मलयालम में 15 लाख रुपए की कमाई हुई।
फिल्म ने आमिर खान की ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ और रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है।
गौरतलब है कि ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट ने भी दुनियाभर में 1300 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी और कई रिकॉर्ड बनाए थे। अब ‘धुरंधर 2’ उसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।














