मध्य प्रदेश के धार जिले में एक व्यक्ति की हत्या के मामले ने बड़ा मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या किसी लूटपाट की नहीं, बल्कि पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा रची गई सुनियोजित साजिश थी।
यह घटना 7 अप्रैल की रात गोंडीखेड़ा चरण गांव में हुई, जहां देवकृष्ण पुरोहित अपने घर में पत्नी प्रियंका पुरोहित के साथ सो रहे थे। उसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से देवकृष्ण के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने बताया कि शुरुआती जांच में इसे लूटपाट का मामला दिखाने की कोशिश की गई थी। लेकिन जांच आगे बढ़ने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस पूरी वारदात की साजिश पत्नी प्रियंका पुरोहित और उसके प्रेमी कमलेश पुरोहित ने मिलकर रची थी।
पुलिस के अनुसार, इस हत्या के लिए करीब 1 लाख रुपये में सुपारी दी गई थी। घटना को लूट जैसा दिखाने के लिए प्रियंका को बंधक बनाकर दूसरे कमरे में बंद किया गया और बाद में शोर मचाने की योजना बनाई गई थी, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड, साइबर टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच के दौरान सबूतों के आधार पर साजिश का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस ने आरोपी प्रेमी कमलेश पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घर से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।



