सिनेमाप्रेमियों और ‘मिर्जापुर’ के दीवानों के लिए एक बेहद रोमांचक और बड़ी खबर सामने आई है। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी कामयाबी के झंडे गाड़ने के बाद अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ बड़े पर्दे पर ग्रैंड एंट्री के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही भारी सुगबुगाहट के बीच मेकर्स ने दो नए और बेहद दमदार पोस्टर जारी किए हैं। इसके साथ ही फैंस का इंतजार खत्म करते हुए फिल्म के ऑफिशियल टीजर की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का बहुप्रतीक्षित टीजर कल यानी 25 जून को दुनिया के सामने आने वाला है, जो कि फिल्म की रिलीज से करीब तीन महीने पहले ही फैंस के उत्साह को सातवें आसमान पर पहुंचाने के लिए लाया जा रहा है।
पोस्टर में दिखा कालीन भैया का पुराना रूतबा और आइकॉनिक गद्दी
सामने आए पहले पोस्टर के केंद्र में मिर्जापुर की वही आइकॉनिक गद्दी दिखाई दे रही है, जिसके दोनों तरफ बंदूकें सजी हुई हैं। यह पोस्टर तुरंत उस पावर स्ट्रगल, दुश्मनी और खूनी खेल की याद ताजा करता है जिसने इस फ्रेंचाइजी को देश का सबसे बड़ा कल्ट बनाया है। वहीं, दूसरे पोस्टर में पंकज त्रिपाठी यानी हम सबके चहेते ‘कालीन भैया’ माथे पर लाल तिलक लगाए अपने पुराने और बेहद कड़क अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनका यह लुक साफ कर रहा है कि बड़े पर्दे पर मिर्जापुर का भौकाल पहले से कई गुना ज्यादा बड़ा और खतरनाक होने वाला है।
सितंबर में थियेटर्स में मचेगा गदर, मुन्ना-गुड्डू भैया के साथ कई नए चेहरों की एंट्री
अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में एक भव्य रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह कर रहे हैं, जबकि इसे पुनीत कृष्णा ने लिखा है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर द्वारा प्रोड्यूस की जा रही इस फिल्म की स्टारकास्ट बेहद विशाल होने वाली है। कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) के अलावा गुड्डू भैया (अली फजल) और फैंस के सबसे चहेते मुन्ना भैया (दिव्येंदु) की बड़े पर्दे पर वापसी हो रही है। इनके अलावा जितेंद्र कुमार, रवि किशन, सुशांत सिंह, सोनल चौहान, मोहित मलिक और रसिका दुग्गल जैसे धाकड़ कलाकार भी इस बार मिर्जापुर की जंग को और दिलचस्प बनाएंगे। फिल्म में देरी को लेकर पंकज त्रिपाठी ने दिलचस्प अंदाज में कहा कि मेकर्स स्क्रिप्ट पर पूरा वक्त ले रहे थे, क्योंकि ‘चाय जब ठीक से खौल जाए, तभी उसे छानते हैं।’ अब जब कहानी पूरी तरह कड़क हो चुकी है, तो मेकर्स थियेटर्स में धमाका करने को तैयार हैं।














