Uttar-Pradesh: नोएडा पुलिस ने देश-विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 4 महिलाओं सहित कुल 6 शातिर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सोशल मीडिया के जरिए लोगों को नौकरी का झांसा देकर उनसे हजारों रुपये ठगता था। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी नोएडा के सेक्टर-73 स्थित एक ऑफिस से अपना नेटवर्क संचालित कर रहे थे। यह गिरोह फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हायरिंग के नाम से विज्ञापन डालता था। इन विज्ञापनों में देश और विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने का दावा किया जाता था, जिससे बड़ी संख्या में लोग उनके संपर्क में आ जाते थे।

बता दें, जब कोई व्यक्ति नौकरी के लिए संपर्क करता था तो आरोपी उसे इंटरव्यू और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये तक जमा कराने के लिए कहते थे। पैसा लेने के बाद आरोपी या तो संपर्क बंद कर देते थे या फिर अलग-अलग बहाने बनाकर लोगों को टालते रहते थे। इस तरह गिरोह ने कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया।

बता दें, पुलिस को इस फर्जीवाड़े की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से गिरोह के ठिकाने का पता लगाया और छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 7 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, कई चार्जर और केबल, फर्जी मोहर, चेकबुक और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल सोशल मीडिया पर विज्ञापन डालने और लोगों से संपर्क करने के लिए किया जाता था।

इस पूरे मामले का खुलासा नोएडा के एडीसीपी ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और यदि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर नौकरी के नाम पर आने वाले विज्ञापनों से सावधान रहें और किसी भी अनजान संस्था को पैसे देने से पहले पूरी जांच जरूर करें।

लोकसभा में भयंकर गरजे सपा सांसद Rajeev Rai, सीधे-सीधे अमित शाह से पूछ दिया ये चुभने वाला सवाल!

शेयर करना
Exit mobile version