Nehru’s Bungalow Sold. देश की राजधानी के वीवीआईपी इलाके लुटियंस बंगलो ज़ोन में स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू का पहला आधिकारिक आवास इन दिनों सुर्खियों में है। 17 मोतीलाल नेहरू मार्ग (पहले यॉर्क रोड) पर स्थित यह बंगला 14,973 वर्ग मीटर (करीब 3.7 एकड़) में फैला है। अब यह बंगला बेच दिया गया है और इसे देश की अब तक की सबसे महंगी प्रॉपर्टी डील बताया जा रहा है।
1100 करोड़ में हुई डील
सूत्रों के अनुसार, बंगले के मालिकों ने 1,400 करोड़ रुपये मांगे थे। लेकिन भारतीय पेय उद्योग (beverage industry) से जुड़े एक बड़े कारोबारी ने लगभग 1,100 करोड़ रुपये में डील को फाइनल कर दिया।
बंगले के मालिक कौन हैं?
राजकुमारी कक्कड़ और बीना रानी इस बंगले की मौजूदा मालिक हैं। दोनों राजस्थान के एक शाही परिवार से ताल्लुक रखती हैं। कानूनी प्रक्रिया के तहत एक नामी लॉ फर्म ने सार्वजनिक नोटिस जारी किया, जिसमें कहा गया, “अगर किसी अन्य व्यक्ति का इस संपत्ति पर कोई हक या दावा है तो वह सात दिनों के भीतर दस्तावेज़ी सबूत के साथ सूचित करें, वरना इसे विरोध रहित माना जाएगा।”
साल भर से चल रही थी बातचीत
करीब 24,000 वर्ग फुट में बनी इस संपत्ति को बेचने को लेकर साल भर से बातचीत चल रही थी। जानकारों के अनुसार इसकी लोकेशन, वीवीआईपी स्टेटस और आकार के कारण यह बेहद कीमती संपत्ति है। लेकिन कीमत के चलते केवल अरबपति खरीदार ही इसमें रुचि दिखा सकते थे।
लुटियंस बंगलो ज़ोन का महत्व
यह संपत्ति लुटियंस बंगलो ज़ोन में स्थित है, जिसे ब्रिटिश आर्किटेक्ट एडविन लुटियंस ने 1912 से 1930 के बीच डिजाइन किया था। लगभग 28 वर्ग किलोमीटर में फैले इस क्षेत्र में करीब 3,000 बंगले हैं, जिनमें ज्यादातर मंत्री, जज और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी रहते हैं। यहां लगभग 600 निजी संपत्तियां भी हैं, जो भारत के सबसे अमीर लोगों के पास हैं।
इस डील के पूरा होने के बाद 17 मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित यह बंगला देश की सबसे महंगी आवासीय प्रॉपर्टी बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाएगा।