उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने करीब 25 दिन पुराने बेहद खौफनाक और जटिल ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ‘सीआईडी’ और ‘क्राइम पेट्रोल’ जैसे क्राइम शो देखकर 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की बेरहमी से हत्या की और पहचान मिटाने के लिए उसके शव को तेजाब से जला दिया था।

दरअसल, करीब 25 दिन पहले बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र के जंगलों में एक अज्ञात किशोरी का अधजला शव मिलने से हड़कंप मच गया था। शव का चेहरा और शरीर बुरी तरह तेजाब से जला हुआ था, जिससे उसकी शिनाख्त करना बेहद मुश्किल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई, तो मृतका की पहचान मथुरा निवासी 16 वर्षीय परी के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि परी के संबंध मथुरा के ही रहने वाले सागर नाम के युवक से थे। जब सागर की पत्नी को इस रिश्ते की भनक लगी, तो पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होने लगा। इस कांटे को रास्ते से हटाने के लिए सागर और उसकी पत्नी ने मिलकर खौफनाक साजिश रची। आरोपियों ने परी को बहाने से दिल्ली बुलाया और वहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

इसके बाद दोनों शव को स्कूटी पर लादकर दिल्ली से बागपत के जंगल में ले आए। पुलिस को गुमराह करने और पहचान पूरी तरह मिटाने के लिए उन्होंने शव पर तेजाब डालकर आग लगा दी। आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने टीवी धारावाहिकों से सबूत मिटाने और पुलिस से बचने के तरीके सीखकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आखिरकार 25 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Delhi Building Collaps: सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के बाद गलियों का हाल, लटकी बिजली की तारों से खतरा

शेयर करना
Exit mobile version