दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी-करप्शन ब्रांच ने एक बेहद बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया है। दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े करोड़ों रुपये के टेंडर घोटाले और अनियमितताओं के मामले में एसीबी ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया है। सत्येंद्र जैन के अलावा इस मामले में दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) उदित प्रकाश समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एंटी करप्शन ब्यूरो की अब तक की जांच में यह खुलासा हुआ है कि एसटीपी के अपग्रेडेशन टेंडर में भारी अनियमितताएं बरती गईं। टेंडर प्रक्रिया में जानबूझकर हेरफेर किया गया और नियमों में मनमाने बदलाव किए गए। आरोप है कि टेंडर की तकनीकी शर्तों को बाद में बदला गया ताकि चुनिंदा लोगों को इसका फायदा पहुंचाया जा सके। जांच के दौरान एसीबी को करोड़ों रुपये के लेन-देन और पुख्ता सबूत भी हाथ लगे हैं, जो इस बड़े भ्रष्टाचार की ओर इशारा करते हैं।
इस मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है। एसीबी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस टेंडर घोटाले के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे और इस अवैध लेनदेन का दायरा कहां तक फैला हुआ था। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और भ्रष्टाचार के इस पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।












