ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से दहेज हत्या का एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ ईकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में एक नवविवाहिता की उसके ही ससुराल वालों ने धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान दीपिका के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को दीपिका के शव पर चोट के कई गंभीर निशान मिले हैं, जो इस बात की गवाही दे रहे हैं कि मौत के घाट उतारने से पहले उसे बुरी तरह प्रताड़ित किया गया था।
परिजनों के मुताबिक दीपिका की शादी महज 14 महीने पहले जलपुरा में हुई थी। शादी के वक्त दीपिका के परिवार ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था, जिसमें महंगी फॉर्च्यूनर गाड़ी तक शामिल थी। लेकिन इसके बावजूद ससुराल वालों की लालच की भूख शांत नहीं हुई। वे लगातार दीपिका पर मायके से और अधिक दहेज और पैसे लाने का दबाव बना रहे थे। जब दीपिका और उसके परिवार ने और मांगें पूरी करने में असमर्थता जताई, तो ससुराल वालों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मृतका के परिवार की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहनता से तहकीकात जारी है।















