नई दिल्ली: तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को दिल्ली के नए लेफ्टिनेंट गवर्नर (उपराज्यपाल) के रूप में पद की शपथ ली। इस मौके पर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर और विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। संधू ने विनय कुमार सक्सेना की जगह यह पद संभाला है।
बता दें, अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर संधू को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि तरनजीत सिंह संधू उनके अच्छे मित्र हैं और उन्होंने अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में रहते हुए भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। गोर ने विश्वास जताया कि संधू दिल्ली के लोगों की सेवा में भी उसी समर्पण के साथ काम करेंगे।
बता दें, तरनजीत सिंह संधू एक अनुभवी राजनयिक रहे हैं और उन्हें तीन दशकों से अधिक का कूटनीतिक अनुभव है। उन्होंने 2020 से 2024 तक अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में कार्य किया और इस दौरान भारत-अमेरिका के रणनीतिक संबंधों को और मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी संधू को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि उन्हें दिल्ली के उपराज्यपाल के रूप में शपथ लेते देखना खुशी की बात है और उन्हें भरोसा है कि संधू पूरी निष्ठा के साथ दिल्ली के लोगों की सेवा करेंगे।
दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय की मौजूदगी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं।
तरनजीत सिंह संधू की नियुक्ति देशभर में गवर्नरों और लेफ्टिनेंट गवर्नरों के बड़े प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा है। इस फेरबदल के तहत विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का लेफ्टिनेंट गवर्नर बनाया गया है।
शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत में संधू ने कहा कि दिल्ली उनकी “कर्मभूमि” रही है। उन्होंने बताया कि उन्होंने दिल्ली में पढ़ाई की है और यहीं काम भी किया है। उन्होंने कहा कि राजधानी की चुनौतियों से निपटने के लिए सभी राजनीतिक दलों और हितधारकों को मिलकर काम करना होगा।
संधू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश के लिए एक व्यापक विजन है और राजधानी होने के नाते दिल्ली की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर काम करते हुए चुनौतियों को अवसरों में बदलना होगा ताकि दिल्ली के विकास को नई गति मिल सके।













