लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आज ‘अटल स्मृति संध्या’ का आयोजन किया जा रहा है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के संयोजन में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस बार कार्यक्रम में मशहूर कवि अशोक चक्रधर मुख्य कवि के तौर पर प्रस्तुति देंगे।
खास बात यह है कि पिछले कई आयोजनों में नजर आने वाले कवि कुमार विश्वास का नाम इस बार जारी कार्यक्रम में शामिल नहीं है। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मार्च में एक सार्वजनिक मंच से कुमार विश्वास ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर तंज कसा था
दरअसल, इसी साल मार्च में एक सार्वजनिक मंच से कुमार विश्वास ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर तंज कसा था। इसके बाद अब अटल स्मृति संध्या के कार्यक्रम में उनका नाम नहीं होने को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व, उनकी कविताओं और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया जाएगा। हर साल होने वाला यह आयोजन अटल जी की स्मृतियों को समर्पित होता है, जिसमें देश के जाने-माने कवि और कलाकार हिस्सा लेते हैं।
इस बार अशोक चक्रधर अपनी कविताओं के जरिए अटल जी को श्रद्धांजलि देंगे। वहीं कुमार विश्वास की अनुपस्थिति ने कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक और साहित्यिक हलकों में चर्चा का विषय बना दिया है।













