नई दिल्ली। जब हम वंदे भारत, राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनों में सफर करते हैं, तो हमें कई तरह की सुविधाएं दी जाती हैं। हमारी सीट पर ही पानी की बोतल, खाना और अन्य सुविधाएं पहुंचा दी जाती हैं। ऐसे में मन में सवाल उठता है कि क्या हर ट्रेन में पानी की बोतल मुफ्त में मिलती है? आइए जानते हैं रेलवे का नियम क्या कहता है।
क्या हर ट्रेन में मिलती है फ्री पानी की बोतल?
नहीं, हर ट्रेन में पानी की बोतल मुफ्त में नहीं मिलती। रेल नीर यात्रियों को सस्ती कीमत पर उपलब्ध कराया जाता है। सिर्फ प्रीमियम ट्रेनों जैसे वंदे भारत, राजधानी एक्सप्रेस और शताब्दी एक्सप्रेस में यह सुविधा मुफ्त में उपलब्ध होती है। हालांकि, इसे पूरी तरह फ्री कहना भी सही नहीं है, क्योंकि टिकट के साथ ही अन्य चार्जेस में यह सुविधा शामिल कर ली जाती है। इसके अलावा किसी भी ट्रेन के फर्स्ट और सेकेंड AC टिकट पर भी पानी की बोतल मुफ्त में मिलती है।
‘नो फूड’ वाले टिकट पर भी मिलेगी बोतल
कई यात्री इस बात को लेकर असमंजस में रहते हैं कि क्या राजधानी और अन्य प्रीमियम ट्रेनों में मुफ्त में मिलने वाली एक लीटर की रेल नीर की बोतल ‘नो फूड’ ऑप्शन चुनने पर भी मिलती है। IRCTC के अनुसार, यदि कोई यात्री ट्रेन में भोजन नहीं लेता है, तब भी उसे ट्रेन में चढ़ने के बाद निःशुल्क पानी की बोतल मिलेगी। पहले इन ट्रेनों में 500 मिलीलीटर की बोतल दो बार दी जाती थी, लेकिन अधिक प्लास्टिक की बर्बादी की वजह से अब सभी ट्रेनों में एक लीटर की बोतल दी जाती है।
IRCTC पर ‘नो फूड’ ऑप्शन कैसे चुनें?
IRCTC वेबसाइट या ऐप पर अपनी ट्रेन खोजें और जिस ट्रेन को आप बुक करना चाहते हैं, उसे चुनें। ‘पैसेंजर डिटेल्स’ वाले पेज पर जाएं। नीचे स्क्रॉल करके ‘अदर प्रेफरेंस’ या ‘कैटरिंग सर्विस’ वाला सेक्शन ढूंढें। अपने फाइनल किराए से कैटरिंग चार्ज हटाने के लिए ‘नो फूड’ चुनें। पेमेंट करने से पहले किराए का ब्यौरा देख लें ताकि यह पक्का हो सके कि कैटरिंग फीस हटा दी गई है। बुकिंग पूरी करें। ध्यान रखें कि ज्यादातर मामलों में ‘नो फूड’ का विकल्प पूरे PNR पर लागू होता है, यानी एक ही बुकिंग में शामिल सभी यात्रियों के लिए कैटरिंग का यही विकल्प लागू होगा।













