जापान में रविवार को कुदरत का दोहरा प्रहार देखने को मिला, जहां महज कुछ ही घंटों के भीतर भूकंप के दो शक्तिशाली झटके महसूस किए गए। पूर्वी जापान में 5.9 तीव्रता के पहले भूकंप में 40 से अधिक लोगों के घायल होने के कुछ ही देर बाद, उत्तरी होक्काइडो इलाके में 6.0 तीव्रता का दूसरा बड़ा भूकंप आया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
मौसम एजेंसी के अनुसार, होक्काइडो में आए दूसरे भूकंप का केंद्र 40 किलोमीटर की गहराई पर था। इससे पहले, रविवार सुबह इबाराकी प्रीफेक्चर में 68 किलोमीटर की गहराई पर 5.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जिसका असर राजधानी टोक्यो समेत देश के बड़े हिस्से में महसूस किया गया। झटकों के कारण टोक्यो के कोटो वार्ड में पानी की पाइपलाइन फट गई और कई इमारतों को नुकसान पहुंचा।
भूकंप के कारण यातायात सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। जेआर ईस्ट (JR East) और क्षेत्रीय ट्रेन ऑपरेटरों ने एहतियातन कई ट्रेनों की गति धीमी कर दी, जबकि कई एक्सप्रेस सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने स्थिति की समीक्षा और आपातकालीन राहत कार्यों के समन्वय के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में एक इमरजेंसी रिस्पॉन्स टास्क फोर्स का गठन किया है। प्रशासन ने आने वाले दिनों में और अधिक झटके आने की आशंका जताई है।














